भोपाल, 01 मई।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति विवेक रूसिया की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के बाद हुई है, जिसमें बताया गया कि मौजूदा मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा के उच्चतम न्यायालय में पदोन्नत होने के कारण यह परिवर्तन किया गया है।
जबलपुर निवासी न्यायमूर्ति विवेक रूसिया का जन्म 2 अगस्त 1969 को कोतवाली क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने विज्ञान में स्नातक और विधि स्नातक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद 8 अगस्त 1992 को मध्य प्रदेश राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया था। उनके परिवार में उनके पिता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया भी उच्च न्यायालय, जबलपुर में वरिष्ठ अधिवक्ता रहे हैं।
उन्होंने अपने विधिक करियर की शुरुआत जबलपुर के प्रतिष्ठित वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में सहायक अधिवक्ता के रूप में की और वर्ष 1998 में स्वतंत्र प्रैक्टिस प्रारंभ की। अपनी मजबूत कानूनी दक्षता के चलते वे कोल इंडिया लिमिटेड सहित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय उपक्रमों के कानूनी पैनल से जुड़े रहे।
न्यायमूर्ति रूसिया को भारत सरकार की ओर से उच्च न्यायालय में स्थायी अधिवक्ता के रूप में भी तीन वर्ष का दायित्व सौंपा गया था। वे बार एसोसिएशन में संयुक्त सचिव भी रहे और विभिन्न बार संगठनों के आजीवन सदस्य हैं। उनकी सेवाओं के आधार पर 7 अप्रैल 2016 को उन्हें उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया, जिसके बाद 17 मार्च 2018 को वे स्थायी न्यायाधीश बने। अब वे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में उच्च न्यायालय का नेतृत्व संभालेंगे।










