दुर्ग, 01 जून।
सुशासन तिहार के दौरान भाजपा नेता के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले ने बड़ा प्रशासनिक मोड़ ले लिया है, जहां जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
संभागायुक्त द्वारा सोमवार को जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि ग्राम थनौद में आयोजित शिविर के दौरान सीईओ के व्यवहार से जुड़ी वीडियो क्लिप के अवलोकन में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। इसके आधार पर कार्रवाई की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर दुर्ग ने भी 30 मई को निलंबन की अनुशंसा की थी। साथ ही सीईओ द्वारा प्रस्तुत कारण बताओ नोटिस के जवाब को संतोषजनक नहीं माना गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए निलंबन आदेश जारी कर दिया।
निलंबन के बाद जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार महेन्द्र कुमार जांगड़े को सौंपा गया है, जो अपने वर्तमान दायित्वों के साथ यह जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
उल्लेखनीय है कि यह पूरा मामला विधायक ललित चंद्राकर की उपस्थिति में सामने आया था, जहां उनके द्वारा भी सीईओ के व्यवहार को लेकर आपत्ति और शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रशासन की इस कार्रवाई को अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।













