भोपाल, 11 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र में 16 से 18 जून तक तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में राहतगढ़ जनपद पंचायत, जैसीनगर जनपद पंचायत, नगर परिषद सुरखी और नगर परिषद बिलहरा में शिविर लगाए जाएंगे, जहां आमजन की समस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं के लाभ पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने क्षेत्र के नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से शिविरों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इन्हीं उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुद्रा योजना और जनधन योजना जैसी पहलें समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक बनी हैं। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों को सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है।
गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी जनहितकारी योजनाओं का विस्तार कर रही है। लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और विभिन्न स्वरोजगार कार्यक्रमों के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिविरों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। नागरिक अपनी शिकायतें, समस्याएं और योजनाओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंच सकते हैं। मौके पर ही समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा तथा पात्र लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव और वार्ड स्तर तक शिविरों की जानकारी पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उनके अनुसार यह अभियान योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं के प्रभावी समाधान का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री मोहन यादव के विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 16, 17 और 18 जून को आयोजित शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की।
















