प्रशासनिक खबरें
11 Jun, 2026

महिला समूहों से मिले संभागायुक्त, खेत तालाब से जैविक खेती तक देखे विकास कार्य

महिला सशक्तिकरण, खेत तालाब, जैविक खेती, उद्यानिकी और गौसंवर्धन से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त ने ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया।

भोपाल, 11 जून।

भोपाल संभाग के आयुक्त संजीव सिंह ने गुरुवार को बैरसिया क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर महिला सशक्तिकरण, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, खेत तालाब और गौशाला से जुड़े कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति का अवलोकन करते हुए हितग्राहियों और स्वयं सहायता समूहों से चर्चा की।

दौरे की शुरुआत गोलखेड़ी स्थित जरी-जरदोजी प्रशिक्षण केंद्र से हुई। यहां राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत संकुल स्तरीय संगठनों की पदाधिकारियों, लखपति दीदी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया गया। संभागायुक्त ने महिलाओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न आजीविका आधारित कार्यों की जानकारी लेते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिशन का उद्देश्य केवल आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना भी है।

संवाद के दौरान महिलाओं ने बैंक सखी, टैक्स सखी और लखपति दीदी के रूप में अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि मिशन से जुड़ने के बाद उनकी आय में वृद्धि हुई है और सामाजिक स्तर पर भी उनकी भूमिका मजबूत हुई है। संभागायुक्त ने समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। साथ ही स्वच्छता, सामाजिक नेतृत्व और लोकतांत्रिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संदेश भी दिया।

ग्राम पंचायत गुनगा में उन्होंने खेत तालाब और ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के अंतर्गत विकसित उद्यान का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत करौंदिया स्थित उद्यानिकी विभाग की नर्सरी का भी अवलोकन किया गया। जनपद पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में 788 खेत तालाबों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से 550 से अधिक पूर्ण हो चुके हैं। वहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने 107 बगियाओं का विकास किया है, जहां आम, नींबू, जामफल और संतरे की खेती की जा रही है।

संभागायुक्त ने खेत तालाब के हितग्राही डालचंद से चर्चा कर इससे मिलने वाले लाभ, जल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 10 हेक्टेयर क्षेत्र में संचालित नर्सरी में इस वर्ष 80 हजार पौधे तैयार किए जा रहे हैं तथा पौधों की बिक्री भी की गई है।

दौरे के दौरान संजीव सिंह इमलिया नरेंद्र गांव में कृषक मजीद खान के खेत भी पहुंचे। यहां उन्होंने तीन एकड़ क्षेत्र में की जा रही जैविक खेती और मिश्रित बागवानी का अवलोकन किया। खेत में सब्जियों के साथ आम, आंवला, जामफल, अनार और नींबू सहित विभिन्न फलों एवं औषधीय पौधों की खेती की जा रही है। संभागायुक्त ने इस नवाचारपूर्ण कृषि मॉडल की सराहना की।

इसके बाद उन्होंने बर्रीक्षीरखेड़ा स्थित गौशाला एवं आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन केंद्र का निरीक्षण किया। यहां संचालित व्यवस्थाओं और गौसंवर्धन गतिविधियों की जानकारी ली गई। भ्रमण के दौरान बैरसिया एसडीएम, जनपद पंचायत के अधिकारी तथा उद्यानिकी विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। पर प्रपंच में ना पड़कर काम पर ध्यान दीजिए। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। आलस्य का त्याग करें। कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। दोस्तों के साथ साझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़