मध्य प्रदेश
03 Jun, 2026

59 पुलिसकर्मियों को मिलेगा के.एफ. रुस्तम जी सम्मान

मध्यप्रदेश पुलिस ने वर्ष 2022-23 और 2023-24 के लिए 59 अधिकारियों और कर्मचारियों को के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

भोपाल, 03 जून ।

मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने वर्ष 2022-23 और 2023-24 के लिए के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना द्वारा जारी निर्णय के अनुसार असाधारण साहस, वीरता, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट पुलिस कार्य का प्रदर्शन करने वाले कुल 59 अधिकारी एवं कर्मचारी इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजे जाएंगे। इनमें वर्ष 2022-23 के 24 तथा वर्ष 2023-24 के 35 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

मध्यप्रदेश पुलिस का यह सम्मान उन अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने दस्यु उन्मूलन, नक्सल विरोधी अभियानों, कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों तथा सांप्रदायिक तनाव जैसी संवेदनशील स्थितियों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। पुरस्कार परम विशिष्ट, अति विशिष्ट और विशिष्ट श्रेणियों में दिए जाते हैं।

वर्ष 2022-23 के लिए अति विशिष्ट श्रेणी में भोपाल की सहायक पुलिस आयुक्त निधि सक्सेना और नर्मदापुरम के उप निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला का चयन किया गया है। इसके अलावा विशिष्ट श्रेणी में पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, निरीक्षक, उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के 22 अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मानित किए जाएंगे।

वहीं वर्ष 2023-24 के लिए परम विशिष्ट श्रेणी में पांच पुलिसकर्मियों को चयनित किया गया है। इनमें राकेश खाखा, नागेन्द्र सिंह सिकरवार, कंचन ठाकुर, राजेश कुमार और कमलेश सिंह के नाम शामिल हैं। अति विशिष्ट श्रेणी में छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मान मिलेगा, जबकि विशिष्ट श्रेणी में 24 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी चयनित हुए हैं।

पुरस्कार स्वरूप परम विशिष्ट श्रेणी के विजेताओं को रिवॉल्वर और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। अति विशिष्ट श्रेणी के सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 12 बोर गन के साथ प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। विशिष्ट श्रेणी के पुरस्कार विजेताओं को 50 हजार रुपये की राशि और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने चयनित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यकुशलता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का भी प्रतीक है। उन्होंने भरोसा जताया कि सम्मानित अधिकारी और कर्मचारी आगे भी अपने उत्कृष्ट कार्यों से विभाग की प्रतिष्ठा को नई पहचान दिलाएंगे।

उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान पुलिस बल में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साह और मनोबल बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़