भोपाल, 03 जून ।
ग्वालियर जिले में ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई करते हुए गुम हुए 6 वर्षीय बालक को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल खोज निकाला। इस अभियान में लगभग 200 पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने रातभर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
जानकारी के अनुसार 2 जून को थाना पुरानी छावनी क्षेत्र के रूद्रपुरा इलाके से एक 6 वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना मिली थी। बालक अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मजदूरी स्थल पर मौजूद था, जहां वह खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया।
सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष पुलिस दल का गठन किया गया और जिलेभर में समन्वित सर्च अभियान शुरू किया गया।
अभियान के दौरान थाना पुलिस के साथ पुलिस लाइन के विशेष बल और विभिन्न थानों की टीमों को शामिल किया गया। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, ढाबों सहित कई संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की।
सघन सर्च ऑपरेशन और रात्रिभर प्रयासों के बाद पुलिस ने बालक को रूद्रपुरा क्षेत्र में एक ट्रॉली के अंदर सुरक्षित अवस्था में सोते हुए बरामद कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंप दिया गया।
बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की तथा आभार व्यक्त किया। यह कार्रवाई ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस की तत्परता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण मानी जा रही है।











