कोलकाता, 03 जून ।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी उठापटक के बीच तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए राज्य की सभी कमेटियों तथा सभी फ्रंटल संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस संबंध में पार्टी की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब विधानसभा में पार्टी के विधायकों के एक बड़े वर्ग द्वारा नेतृत्व परिवर्तन से जुड़ी मांग और हस्ताक्षरयुक्त पत्र सौंपे जाने की खबरों के बाद संगठन के भीतर असंतोष की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
पार्टी ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि सभी स्तरों पर संगठनात्मक ढांचे को भंग कर दिया गया है तथा अब व्यापक स्तर पर आत्ममंथन, कार्य निष्पादन समीक्षा और संगठनात्मक मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
तृणमूल कांग्रेस ने यह भी कहा है कि समीक्षा प्रक्रिया के निष्कर्षों के आधार पर पार्टी के मूल संगठन और फ्रंटल संगठनों की नई संरचना तैयार की जाएगी, जिसकी घोषणा उचित समय पर की जाएगी।
पार्टी नेतृत्व ने यह भी स्पष्ट किया है कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनौतियों का सामना नई ऊर्जा के साथ करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
राजनीतिक हलकों में इस फैसले को संगठन के भीतर संभावित पुनर्गठन और शक्ति संतुलन में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।











