उत्तर 24 परगना, 02 जून।
उत्तर 24 परगना जिले के बादुड़िया इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक पंचायत प्रधान का शव फंदे से लटका हुआ मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान यदुरहाटी उत्तर ग्राम पंचायत के प्रधान जाहीदुल हक बैद्य के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह उनके घर से शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जाहीदुल हक बैद्य पिछले कुछ दिनों से विभिन्न विवादों और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे थे। उन पर आरोप था कि उन्होंने ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत पंचायत को मिले कचरा संग्रहण वाहन को बेचकर सरकारी धन का गबन किया था।
इसी भ्रष्टाचार के विरोध में गत 31 मई को बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उनके घर के सामने एकत्रित हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग की थी। घटना के बाद बादुड़िया थाने की पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की थी। स्थानीय सूत्रों का यह भी दावा है कि मृतक भारी कर्ज के कारण मानसिक तनाव में थे। पुलिस अब आत्महत्या, आर्थिक दबाव या किसी अन्य संभावित कारण के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।











