कोलकाता, 30 मई ।
दक्षिण 24 परगना जिले के राजपुर-सोनारपुर नगरपालिका के 32 नंबर वार्ड के तृणमूल कांग्रेस पार्षद बरुण सरकार को मछली चोरी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शनिवार तड़के वह अपने कुछ साथियों के साथ एक भेड़ी (मत्स्यपालन जलाशय) से मछलियां चुराने पहुंचे थे।
स्थानीय निवासियों के अनुसार भेड़ी से मछलियां निकाले जाने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पार्षद को घेर लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के बीच से बरुण सरकार को अपने साथ ले गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मछली चोरी के आरोप में पार्षद को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उनके पास से मछली पकड़ने के जाल, अन्य उपकरण और मछलियां रखने के बर्तन भी बरामद किए गए हैं।
हालांकि, बरुण सरकार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और खुद को निर्दोष बताया है।
गौरतलब है कि राज्य में नई सरकार के गठन के बाद से विभिन्न मामलों में कई तृणमूल पार्षदों की गिरफ्तारी के मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले भी रंगदारी, भ्रष्टाचार और मारपीट जैसे मामलों में कई जनप्रतिनिधि पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुके हैं, जबकि मछली चोरी के आरोप में किसी पार्षद की गिरफ्तारी का यह पहला मामला बताया जा रहा है।











