भोपाल, 03 जून ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने आधिकारिक काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल किया है। यह निर्णय प्रधानमंत्री की ईंधन बचत अपील के बाद लिया गया बताया जा रहा है।
काफिले में महिंद्रा कंपनी की नई इलेक्ट्रिक कार एक्सईवी 9ई को जोड़ा गया है, जिसका उपयोग बुधवार से औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया। मुख्यमंत्री इसी वाहन से अपने निवास से स्टेट हैंगर तक पहुंचे, जहां से वे दिल्ली रवाना हुए।
वाहन का पंजीयन नंबर भी विशेष रूप से चर्चा में है, जिसमें “वी बी” को विकसित भारत का प्रतीक माना गया है, जबकि “2047” को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य से जोड़ा जा रहा है।
बताया गया है कि यह इलेक्ट्रिक कार एक बार पूर्ण चार्ज होने पर लगभग 500 किलोमीटर तक चलने में सक्षम है। इसमें आधुनिक सुरक्षा फीचर्स, 360 डिग्री कैमरा और फास्ट चार्जिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस पहल को राज्य सरकार द्वारा ग्रीन मोबिलिटी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार किसी मुख्यमंत्री के काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग किया गया है।










