मुंबई, 3 जून ।
अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के माध्यम से एक प्रेरणादायक और सच्ची घटनाओं पर आधारित कहानी दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने जा रही हैं, जो आगामी 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह फिल्म उस बड़े संकट के दौर की घटनाओं पर आधारित है, जिसमें नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों के समूह ने असाधारण साहस और समर्पण दिखाते हुए 400 से अधिक लोगों की जान बचाई थी। फिल्म का उद्देश्य ऐसे गुमनाम नायकों के योगदान को सामने लाना है, जिनके कार्यों को अक्सर पर्याप्त पहचान नहीं मिल पाती।
फिल्म के निर्माता डॉ जयंतीलाल गड़ा ने बताया कि इस कहानी को सुनते ही वह गहराई से प्रभावित हुए और मात्र आधे घंटे के भीतर ही उन्होंने इसके निर्माण के लिए सहमति दे दी थी। उनके अनुसार यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं बल्कि मानवता, कर्तव्य और साहस का भावनात्मक दस्तावेज है।
पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशन्स के बैनर तले बनी यह फिल्म उन सामान्य लोगों को सम्मान देने का प्रयास है, जिन्होंने असाधारण परिस्थितियों में आगे बढ़कर जीवन बचाने का कार्य किया।
निर्माताओं का मानना है कि इस फिल्म में कंगना रनौत का किरदार उनके करियर की सबसे अलग और प्रभावशाली भूमिकाओं में से एक होगा। फिल्म में गिरिजा ओक और स्मिता तांबे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी, जबकि इसका संगीत ज़ी म्यूजिक द्वारा जारी किया जाएगा और वितरण की जिम्मेदारी पेन मरुधर संभालेगा।
यह फिल्म उन सच्ची घटनाओं को सामने लाने का प्रयास है, जो भले ही सुर्खियों में कम रहीं, लेकिन जिनमें मौजूद साहस और सेवा की भावना समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।










