रीवा, 03 जून ।
मध्य प्रदेश के विंध्य विकास प्राधिकरण में नवनियुक्त अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति तथा उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह और संजय तीर्थवानी ने बुधवार को रीवा स्थित संभागायुक्त कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास को गति देने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
पदभार ग्रहण से पूर्व सभी पदाधिकारी भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेरणास्रोत महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद चिरहुला नाथ सरकार के दर्शन कर विंध्य क्षेत्र की समृद्धि और विकास की कामना की गई।
कार्यक्रम की एक विशेष पहल के तहत पदाधिकारी इलेक्ट्रिक वाहन से संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे, जिसे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और ईंधन बचत के संदेश के रूप में देखा गया।
पदभार ग्रहण के बाद उपाध्यक्ष संजय तीर्थवानी ने कहा कि प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देना और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना होगा।
उन्होंने बताया कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आधारभूत संरचना के विकास जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि विंध्य क्षेत्र के साथ-साथ सतना जिले से जुड़े विकासात्मक मुद्दों को भी प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जहां क्षेत्र के संतुलित और दीर्घकालिक विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।











