तमलुक, 01 जून ।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के उत्तर सोनामुई ग्राम पंचायत की वर्तमान सदस्य और पूर्व प्रधान काजल बेरा को पुलिस ने नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। तमलुक थाना पुलिस ने अदालत से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर रविवार देर रात उनके आवास पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, काजल बेरा पर बेरोजगार युवक-युवतियों को सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम ऐंठने का गंभीर आरोप है। इस संदर्भ में थाने में पहले से ही शिकायत दर्ज थी और मामला अदालत में विचाराधीन था। कानूनी प्रक्रिया के दौरान लगातार अनुपस्थिति के कारण न्यायालय ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि काजल बेरा पर धोखाधड़ी के साथ-साथ चेक बाउंस से जुड़े कई वित्तीय मामले भी दर्ज हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पैसे लेने के बाद जब उन्होंने अपनी नौकरी के बारे में पूछा या पैसे वापस मांगे, तो उन्हें टालमटोल किया गया। इतना ही नहीं, भुगतान के लिए दिए गए चेक भी बाउंस हो गए, जिससे धोखाधड़ी की पुष्टि हुई।
एक जन प्रतिनिधि की गिरफ्तारी के बाद पूरे उत्तर सोनामुई क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हालांकि, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की स्थानीय या जिला इकाई की ओर से इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी काजल बेरा को सोमवार को तमलुक महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही, पुलिस इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की भी गहन जांच कर रही है।











