जबलपुर, 03 जून ।
रांझी थाना क्षेत्र के रक्षा नगर स्थित फक्कड़ बाबा मंदिर के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब कचरे के ढेर में मानव खोपड़ी मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद खोपड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार को कचरे के बीच मानव खोपड़ी जैसी वस्तु दिखाई दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र का निरीक्षण कर खोपड़ी बरामद कर ली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए खोपड़ी को परीक्षण के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। फिलहाल घटनास्थल से केवल खोपड़ी ही मिली है, इसलिए उसके स्रोत और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में क्षेत्र के कुछ लोगों ने बताया कि आसपास कबरबिज्जू अक्सर देखे जाते हैं। ऐसे में यह संभावना भी जताई जा रही है कि किसी कब्र से खोपड़ी बाहर निकालकर कोई कबरबिज्जू उसे यहां तक ले आया हो। हालांकि पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खोपड़ी कितनी पुरानी है और वह यहां तक कैसे पहुंची। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।











