कोलकाता, 02 जून।
पश्चिम बंगाल में प्रचंड गर्मी और उमस से फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 34 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, और उच्च आर्द्रता के कारण आमजन को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो मानसून के दस्तक देने तक राज्यवासियों को इस भीषण उमस भरी स्थिति से गुजरना होगा।
विभाग ने दक्षिण बंगाल के कई जिलों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है, जिनमें कोलकाता, हावड़ा, हुगली, तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में दोपहर बाद गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, इन हल्की बौछारों के बावजूद दिन के समय उमस बनी रहेगी। पश्चिमी मेदिनीपुर और खड़गपुर जैसे क्षेत्रों में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जहां सप्ताह भर कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसके विपरीत, उत्तर बंगाल के जिलों में बादलों की सक्रियता अधिक रहेगी, जिससे वहां मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।











