नई दिल्ली, 02 जून ।
देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के गहन सरथल और माछीपाल क्षेत्रों में मंगलवार को बादल फटने की घटना सामने आई, जिसके बाद प्रशासन ने हालात पर नजर रखते हुए राहत और निगरानी टीमों को प्रभावित क्षेत्रों की ओर रवाना किया। स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
इधर, देश के कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में एक मकान की छत गिरने से मां और बेटे की मौत हो गई। वहीं राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में दीवार ढहने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई।
मौसम में आए बदलाव के कारण अनेक राज्यों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। तेज हवाओं और वर्षा से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, हालांकि कई स्थानों पर मौसम संबंधी घटनाओं से नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के इस वर्ष चार जून के आसपास केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। इससे पहले इसके 26 मई तक पहुंचने का अनुमान जताया गया था। सामान्य परिस्थितियों में मानसून एक जून के आसपास केरल में प्रवेश करता है और इसके बाद धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ता है।
विभाग के मुताबिक, देश के करीब 23 राज्यों में वर्षा और तेज हवाओं का प्रभाव देखा गया है। आने वाले दिनों में भी कई क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं, जिसके चलते लोगों को मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की हिदायत दी गई है।










