देहरादून, 02 जून।
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसके अतिरिक्त, 4,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में हिमपात की भी संभावना बनी हुई है। वहीं, राज्य के मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने समूचे राज्य के लिए ‘वॉच’ श्रेणी की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की प्रबल आशंका है, जिसके मद्देनजर लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम और पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से अत्यंत कम दर्ज किया गया है। हालांकि, अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। देहरादून की बात करें तो मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने के साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। शाम के समय गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। दून में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।











