नई दिल्ली, 02 जून।
भारत ने अफ्रीका रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (अफ्रीका सीडीसी) को चिकित्सा सहायता के दूसरे चरण के तहत 43 टन की सहायता सामग्री भेजी है। इसमें सुरक्षात्मक उपकरण, डायग्नोस्टिक और मॉनिटरिंग उपकरण, दवाइयां तथा सप्लीमेंट्स शामिल हैं, जो अफ्रीकी देशों की सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों को मजबूत करने में मदद करेंगे।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि यह खेप अफ्रीका सीडीसी को भेजी गई है। उन्होंने बताया कि इस 43 टन की चिकित्सा सहायता में विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण और दवाएं शामिल हैं।
जयशंकर ने कहा कि इस पहल से अफ्रीकी संघ के सदस्य देशों में सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी और इबोला जैसी महामारी से निपटने की क्षमता में भी सुधार होगा।
अफ्रीका रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र अफ्रीकी संघ का प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान है, जिसका मुख्यालय इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में स्थित है। यह संस्थान महाद्वीप में संक्रामक रोगों की निगरानी, महामारी नियंत्रण, प्रयोगशाला क्षमता विस्तार और स्वास्थ्य आपात प्रबंधन का कार्य करता है।










