भोपाल, 01 जून ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में निःशुल्क फाइब्रोस्कैन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने किया। इस अवसर पर मंत्री गौतम टेटवाल, मध्यप्रदेश तीर्थ एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल बघेल सहित अनेक पदाधिकारी, चिकित्सक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने आधुनिक फाइब्रोस्कैन मशीन की सहायता से लिवर की निःशुल्क जांच की। जांच के साथ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं और आमजन ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार कुल 105 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को लिवर संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक बनाना और समय रहते जांच की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है और समय पर की गई जांच कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम में सहायक सिद्ध होती है। उन्होंने चिकित्सा प्रकोष्ठ और चिकित्सकों की टीम को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रतिदिन प्रदेशभर से कार्यकर्ता और आमजन विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श जैसी सुविधा उपलब्ध कराना सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
देवड़ा ने कहा कि यह शिविर केवल स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और समय पर उपचार के प्रति लोगों को प्रेरित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल बघेल ने बताया कि शिविर के माध्यम से लोगों को लिवर संबंधी रोगों की समय पर पहचान, उचित सलाह और आवश्यक स्वास्थ्य मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।











