भोपाल, 02 जून।
मध्य प्रदेश में इस वर्ष नौतपा के दौरान मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। पिछले आठ दिनों से राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है, जिसके कारण भीषण गर्मी और लू का प्रकोप पूरी तरह समाप्त हो गया है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। आज मंगलवार को नौतपा का अंतिम दिन है, लेकिन मौसम विभाग ने प्रदेश के 45 जिलों में अभी भी मौसम के खराब रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, धार और बड़वानी जिलों में आज भारी बारिश और ओलावृष्टि के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। साथ ही आगर-मालवा और राजगढ़ के लिए ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। लगातार हो रही वर्षा के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। रविवार और सोमवार की रात खंडवा में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और पचमढ़ी में 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के विभिन्न शहरों में दिन का तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। सोमवार को भोपाल में 37.6 डिग्री, इंदौर में 38.1 डिग्री, ग्वालियर में 35.9 डिग्री, उज्जैन में 38.5 डिग्री और जबलपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, खंडवा में अधिकतम तापमान सबसे कम 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वर्तमान में प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। टर्फ लाइन और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश का क्रम जारी है। इस वर्ष मानसून के अपने सामान्य समय से 5 से 7 दिन देरी से आने की संभावना है। सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में 15 जून तक मानसून प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके 20 से 22 जून के बीच आने के आसार हैं। फिलहाल राज्य के किसी भी जिले में लू (हीट वेव) का कोई अलर्ट नहीं है और आगामी 5 जून तक आंधी-बारिश का दौर बने रहने की संभावना है।











