मध्य प्रदेश
01 Jun, 2026

100 की रफ्तार वाली आंधी से थमा इंदौर, प्रदेशभर में मौसम का कहर

प्री-मानसून गतिविधियों के असर से मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिसमें इंदौर सबसे अधिक प्रभावित रहा जहां 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने व्यापक नुकसान पहुंचाया।

भोपाल, 01 जून ।

मानसून की दस्तक से पहले ही मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। सोमवार को मालवा, निमाड़, भोपाल, ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और नर्मदापुरम संभाग के अनेक जिलों में तेज आंधी, बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में दिनभर बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में कमी महसूस की गई।

नौतपा के बीच अचानक बदले मौसम ने प्रदेश के सबसे बड़े शहर इंदौर की रफ्तार थाम दी। दोपहर बाद उठी तेज धूलभरी आंधी ने शहर को धूल के गुबार से ढंक दिया। कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई और दिन में ही अंधेरे जैसे हालात बन गए। करीब 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। इसके बाद बादलों की घेराबंदी के साथ कई क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

तेज हवाओं के चलते शहर के विभिन्न हिस्सों में बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। राऊ क्षेत्र में सड़क के बीच एक विशाल होर्डिंग गिरने से यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में मशीनों की सहायता से अवरोध हटाकर मार्ग को सामान्य किया गया। खातीपुरा क्षेत्र में पेड़ और बिजली पोल गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। कई स्थानों पर मकानों और दुकानों के टीनशेड उड़ गए तथा खुले में रखा सामान भी बिखर गया। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कनाड़िया क्षेत्र में धूल का विशाल बवंडर भी देखा गया, जिससे लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

इंदौर से सटे महू क्षेत्र में भी आंधी का असर व्यापक रहा। गोशाला परिसर में आयोजित भंडारे का टेंट उड़ गया और व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। हरिफाटक क्षेत्र में विद्यालय भवन और कई मकानों की छतों की चादरें उड़ गईं। मालवीय नगर में पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हुए। महू-मानपुर और महू-सिमरोल मार्ग पर पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया। छावनी परिषद परिसर में भी एक बड़ा पेड़ धराशायी हो गया।

देवास जिले में भी तेज हवाओं ने नुकसान पहुंचाया। ग्राम सिया में कई मकानों के टीनशेड उड़ गए। रूपाखेड़ी क्षेत्र में दीवार गिरने से एक परिवार के सात सदस्य घायल हो गए। कई स्थानों पर बिजली पोल प्रभावित होने से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। माता टेकरी क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा।

प्री-मानसून गतिविधियों का असर प्रदेश के अनेक जिलों में दिखाई दिया। उज्जैन, सीहोर, टीकमगढ़, गुना, शिवपुरी, बैतूल, राजगढ़, आगर-मालवा, शाजापुर, खंडवा, खरगोन, मंदसौर, मंडला, पांढुर्णा और नर्मदापुरम सहित कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। सीहोर में भोपाल-इंदौर मार्ग पर कई पेड़ गिर गए। शाजापुर क्षेत्र में बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे खुले में रखी कृषि उपज भीग गई। मक्सी के समीप एक दूरसंचार टावर झुक गया। पांढुर्णा में अल्प अवधि की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सतना और मंडला में भी वर्षा का प्रभाव दर्ज किया गया।

मौसम में आए बदलाव से नौतपा की भीषण गर्मी पर राहत मिली है। इंदौर में मई के अंतिम दिन अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। यह मई माह का सबसे कम तापमान भी रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी तथा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में भी कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है।

आंधी और तेज हवाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नागरिकों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, कमजोर होर्डिंग और बड़े पेड़ों से दूरी बनाए रखने तथा बिजली के तारों के पास न जाने की सलाह दी गई है। नगर निगम और बिजली विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त व्यवस्थाओं को बहाल करने में जुटी हुई हैं। मौसम के बदले तेवरों ने एक ओर जनजीवन को प्रभावित किया तो दूसरी ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत भी दिलाई।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़