सरकार व नीतियाँ
02 Jun, 2026

अल नीनो पर केंद्र सतर्क, किसानों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च: शिवराज

संभावित अल नीनो प्रभाव और खरीफ मौसम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हितों को सर्वोच्च बताते हुए राज्यों को अग्रिम तैयारी और सतर्क निगरानी के निर्देश दिए।

नई दिल्ली, 02 जून ।

संभावित अल नीनो प्रभाव और आगामी खरीफ मौसम की तैयारियों को लेकर केंद्र सरकार ने मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। कृषि भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। बैठक में दक्षिण-पश्चिम मानसून, जल उपलब्धता, बीज प्रबंधन, फसल रणनीति और राज्यों की तैयारियों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मौसम संबंधी चुनौतियों का प्रभाव किसानों तथा खेती पर न्यूनतम रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

समीक्षा के दौरान मौसम पूर्वानुमान, जल संसाधनों की स्थिति, बीज और अन्य कृषि आदानों की उपलब्धता, राज्यों की तैयारी तथा प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटने की रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मौसम संबंधी आकलनों को गंभीरता से लेते हुए सभी विभागों और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है।

चौहान ने बताया कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जलाशयों में जल भंडारण इस अवधि के सामान्य स्तर के 127.01 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे खरीफ फसलों की सिंचाई आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी और नमी की कमी से उत्पन्न होने वाले जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन राज्यों और जिलों में कम वर्षा, लंबे शुष्क अंतराल या अल नीनो का अधिक प्रभाव पड़ने की आशंका है, वहां विशेष निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिला स्तर पर आकस्मिक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जल उपलब्धता वाले क्षेत्रों में पानी का वैज्ञानिक और प्राथमिकता आधारित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। नहरों के अंतिम छोर तक जल पहुंचाने, सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और अधिकतम किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए राज्यों को स्पष्ट कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि दो से चार सप्ताह तक वर्षा में अंतराल आता है तो उसके लिए पहले से रणनीति तैयार रहनी चाहिए। पुनर्बुवाई, जीवनरक्षक सिंचाई, कम अवधि वाली फसलें और वैकल्पिक बुवाई योजनाओं की जानकारी समय पर किसानों तक पहुंचाई जाए।

बैठक में फसलों में रोग एवं कीट प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। चौहान ने कहा कि उपलब्ध तकनीकी प्लेटफॉर्म और संचार व्यवस्था का उपयोग कर किसानों तक मोबाइल संदेशों, चेतावनियों और कृषि सलाह को और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाना चाहिए।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़