नई दिल्ली, 01 जून।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से संगीत जगत और सांस्कृतिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सुमन कल्याणपुर की मधुर आवाज और भावपूर्ण गायन ने भारतीय सांस्कृतिक परिदृश्य को समृद्ध किया और अपने गीतों के माध्यम से उन्होंने संगीत प्रेमियों तथा फिल्म जगत के दर्शकों के बीच विशेष पहचान बनाई। उन्होंने दिवंगत गायिका के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना भी प्रकट की।
उल्लेखनीय है कि सुमन कल्याणपुर का जन्म 28 जनवरी 1937 को हुआ था और वे भारतीय सिनेमा की एक प्रतिष्ठित पार्श्व गायिका रहीं। अपने छह दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने हिंदी, मराठी, बंगाली और गुजराती सहित कई भाषाओं में तीन हजार से अधिक गीतों को अपनी आवाज दी। उन्हें सदाबहार गीत ‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’ जैसे लोकप्रिय गीतों के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है।













