भोपाल, 05 जून।
महिला अंडर-18 एशिया कप के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को चीन के हाथों हार का सामना करना पड़ा। मुकाबला निर्धारित समय तक 2-2 की बराबरी पर छूटा, जिसके बाद शूटआउट में चीन ने बाजी मार ली। अब भारत की नजरें कांस्य पदक पर टिकी हैं।
मैच की शुरुआत भारत के लिए बेहद आक्रामक रही। खेल के तीसरे मिनट में कप्तान स्वीटी कुजूर के सटीक पास का फायदा उठाते हुए नौशीन नाज़ ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले क्वार्टर में भारत ने बढ़त बनाए रखी, लेकिन दूसरे क्वार्टर में चीन ने वापसी की। 24वें मिनट में ली ज़ेयान ने भारतीय डिफेंस की चूक का लाभ उठाकर मैदानी गोल किया और स्कोर 1-1 हो गया।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारतीय रक्षा पंक्ति ने चीन के लगातार हमलों को नाकाम रखा, वहीं भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर गोल में तब्दील नहीं हो सके। अंतिम क्वार्टर में 48वें मिनट में चीन ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर 2-1 की बढ़त ले ली। हालांकि, 54वें मिनट में किरण एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर फिर से बराबर कर दिया।
शूटआउट में चीन की गोलरक्षक का प्रदर्शन लाजवाब रहा, जिसने भारत के अधिकांश प्रयासों को रोक दिया। शूटआउट में चीन ने 3-1 से जीत हासिल कर फाइनल का टिकट पक्का किया। भारत की ओर से शूटआउट में एकमात्र गोल संदीपा कुमारी ने किया। भारतीय टीम अब 6 जून की सुबह जापान और कोरिया के बीच होने वाले सेमीफाइनल की हारने वाली टीम के खिलाफ कांस्य पदक के लिए खेलेगी।










