मुंबई, 5 जून।
अभिनेता श्रेयस तलपड़े और अभिनेत्री काजल अग्रवाल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' का टीजर रिलीज हो गया है। इस वर्ष अप्रैल में एलान की गई इस फिल्म को चेट्टन डीके ने निर्देशित किया है। इसकी पटकथा और निर्माण का कार्यभार सागर बी शिंदे ने संभाला है। फिल्म का विषय समाज में खाद्य पदार्थों में हो रही मिलावट और हानिकारक रसायनों के अनियंत्रित इस्तेमाल जैसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर आधारित है।
टीजर के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि हम जो भोजन रोजमर्रा की जिंदगी में उपयोग कर रहे हैं, उनमें मौजूद कीटनाशक और रसायन शरीर के लिए जहर का काम कर रहे हैं। टीजर में अस्पताल में भर्ती उन मरीजों के दृश्यों को दिखाया गया है जो खाद्य मिलावट का शिकार हुए हैं, जो निश्चित रूप से दर्शकों को सोचने पर मजबूर करते हैं। यह फिल्म न केवल व्यवस्था में मौजूद खामियों को उजागर करती है, बल्कि खाद्य सुरक्षा तंत्र को दुरुस्त करने की सख्त जरूरत पर भी जोर देती है।
फिल्म के निर्माता इस बात का दावा कर रहे हैं कि यह फिल्म खाद्य उद्योग के उन काले सच को सामने लाएगी जिनका सीधा संबंध हमारे और हमारे परिवार की सेहत से है। एक मजबूत सामाजिक संदेश के साथ 'द इंडिया स्टोरी' आगामी 24 जुलाई को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिलहाल, टीजर को दर्शकों से मिल रही अच्छी प्रतिक्रिया ने इस फिल्म को लेकर काफी चर्चा पैदा कर दी है।







.jpg)







