29 मार्च 2026, नई दिल्ली: विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 579 में तकनीकी खराबी आने के बाद शनिवार सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में कुल 160 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, लैंडिंग से ठीक पहले विमान के इंजन में समस्या सामने आई। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने तुरंत नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर प्राथमिकता के आधार पर उतरने की अनुमति मांगी। इसके बाद सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाते हुए विमान को सुरक्षित उतारा गया।
विमान की लैंडिंग के लिए रनवे 28 पर पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई थी। एहतियात के तौर पर रनवे के आसपास दमकल वाहन और एंबुलेंस तैनात किए गए थे।
बताया गया है कि संबंधित विमान किराए पर लिया गया था और उसमें आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है। लैंडिंग के बाद विमान की विस्तृत जांच और आवश्यक मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।












