अबू धाबी, 02 अप्रैल।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम संबोधन से कुछ ही समय पहले ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर बड़ा हमला किया। ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों की बौछार ने यूएई में हड़कंप मचा दिया। यूएई रक्षा मंत्रालय ने हमले की पुष्टि करते हुए सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी है।
यूएई रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार तड़के बताया कि देश का एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइलों और ड्रोन के संभावित खतरों को रोकने में लगा हुआ है। यह जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति के भाषण शुरू होने से कुछ ही मिनट पहले दी गई। मंत्रालय ने पूरे देश में सायरन बजाए जाने की बात कही और नागरिकों को शांति बनाए रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।
विशेषज्ञों के अनुसार, मार्च महीने में ईरान ने इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के जवाब में यूएई पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे। 31 मार्च तक यूएई रक्षा बलों ने 433 बैलिस्टिक मिसाइलें और 1,977 से अधिक ड्रोन नष्ट करने का दावा किया। इन हमलों का केंद्र फुजैराह के तेल क्षेत्र और दुबई हवाई अड्डा रहा।
इन हमलों में तीन सैन्यकर्मियों समेत 12 लोगों की मौत हुई। ईरान ने क्षेत्रीय तनाव के बीच यूएई के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती मिली है। विश्लेषकों का कहना है कि यह हमला 2022 में हूती विद्रोहियों द्वारा किए गए हमलों की तुलना में कहीं अधिक गंभीर और व्यापक है।











