ईरान ने बहरीन में स्थित अमेरिकी कंपनी अमेजन वेब सर्विस के एक डेटा सेंटर को निशाना बनाते हुए हमला किया। फाइनेंशियल टाइम्स के अनुसार, इस हमले के बाद मौके पर आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इससे पहले बहरीन के गृह मंत्रालय ने भी एक कंपनी की इमारत में आग लगने की पुष्टि की थी। मंत्रालय के मुताबिक, आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची थीं और राहत कार्य जारी था, हालांकि उस समय कंपनी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया था।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब एक दिन पहले ही ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने मिडिल ईस्ट में काम कर रही 18 अमेरिकी कंपनियों को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी। इन कंपनियों में माइक्रोसॉफ्ट, एपल, गूगल और मेटा जैसी दिग्गज कंपनियों के नाम शामिल हैं।
उधर, डोनाल्ड ट्रम्प ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ईरान के साथ जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए किसी समझौते की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका इस युद्ध को दो से तीन सप्ताह के भीतर खत्म करने में सक्षम है।











