तेहरान, 02 अप्रैल।
ईरान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत वेस्ट अज़रबैजान में खुफिया एजेंसियों ने अमेरिका और इजराइल के इशारे पर काम कर रहे जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न अभियानों में एक जासूस और कई आतंकियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अमेरिकी और इजराइली निर्मित उन्नत जासूसी और संचार उपकरणों की बड़ी खेप भी जब्त की गई।
ईरानी खुफिया बलों ने बताया कि इन उपकरणों की संख्या 45 थी और इन्हें देश के उत्तर-पश्चिमी सीमाओं के रास्ते तस्करी कर देशभर के जासूसों में वितरित किया जाना था। इन अभियानों में पकड़े गए आठ आतंकियों में चार ने पीरानशहर में आतंकी सेल बनाया था और सैन्य ठिकानों से संबंधित जानकारी इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद के साथ साझा कर रहे थे।
बाकी आतंकियों को उर्मिया और ओशनावियेह शहरों से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अमेरिका और इजराइल के निर्देश पर जासूसी में लिप्त एक अन्य व्यक्ति को पीरानशहर में पकड़ा गया, जो ईरान के संवेदनशील स्थलों से जानकारी इकट्ठा कर रहा था।
पिछले महीने अमेरिका और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद यह कार्रवाई हुई है, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई और कई सैन्य कमांडरों की मौत हुई थी। इसके जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी और इजराइली ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की श्रृंखला को अंजाम दिया।












