तेहरान, 24 मार्च 2026।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान की सुरक्षा ढांचे में बड़ा बदलाव किया गया है और पूर्व आईआरजीसी कमांडर मोहम्मद बगेर जोलघाद्र को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एसएनएससी) का नया सचिव नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई की मंजूरी के बाद की गई है। जोलघाद्र ने इस पद पर अली लारीजानी का स्थान लिया है, जिनकी हाल ही में एक हवाई हमले में मौत हो गई थी।
राज्य मीडिया के अनुसार, जोलघाद्र ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) में ब्रिगेडियर जनरल रह चुके हैं और इससे पहले ‘एक्सपीडिएंसी काउंसिल’ के सचिव के रूप में कार्यरत थे। उनके सैन्य और रणनीतिक अनुभव को इस संवेदनशील पद के लिए अहम माना जा रहा है।
सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल का सचिव पद ईरान की सुरक्षा और विदेश नीति के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह परिषद सीधे सर्वोच्च नेता को रिपोर्ट करती है और देश के रणनीतिक फैसलों में केंद्रीय भूमिका निभाती है।
मौजूदा क्षेत्रीय संघर्ष और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए यह नियुक्ति ईरान की सुरक्षा और नीति को और सख्त और संगठित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।











