जम्मू, 27 मार्च।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को हंगामे का माहौल बन गया जब कांग्रेस के कुछ विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान कांग्रेस विधायक इरफान हाफिज लोन और भाजपा के युदवीर सेठी के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई की स्थिति पैदा हो गई।
सूत्रों के अनुसार विवाद तब और बढ़ गया जब भाजपा विधायक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद दोनों पक्षों के विधायकों के बीच तनाव और बढ़ गया, जिससे विधानसभा की कार्यवाही को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने कहा कि इस तरह के टकराव से बचना आवश्यक है और सभी को संयम बनाए रखना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा सभी मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाने के निर्णय का स्वागत किया और इसे सकारात्मक कदम बताया।
उपमुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस बैठक से प्रभावी परिणाम सामने आएंगे और मौजूदा तनावपूर्ण परिस्थितियों में समाधान का मार्ग खुलेगा। उन्होंने दोहराया कि सभी पक्ष चाहते हैं कि युद्ध जैसी स्थिति समाप्त हो।
वहीं भाजपा विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया ने प्रधानमंत्री की कूटनीतिक रणनीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह भारत की स्थिति को मजबूत बनाती है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने पिछले 70 दिनों तक गैस और पेट्रोल की आपूर्ति सुनिश्चित की है।
सलाथिया ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों के कारण भारत वैश्विक चुनौतियों के बीच भी मजबूती से खड़ा है, जबकि कुछ लोग गलत जानकारी फैलाकर माहौल बिगाड़ना चाहते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के चलते विधानसभा में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित रही।












