गोरखपुर, 27 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कमजोर वर्ग के खिलाफ गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमका रहा हो तो उसकी जमानत निरस्त करने की कार्रवाई तुरंत की जाए। उन्होंने सभी लोगों के प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित समाधान का भरोसा दिया और कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर व्यक्ति की समस्या का न्यायपूर्ण तरीके से निपटारा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि हर पात्र व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले और जरूरतमंदों को इलाज में किसी प्रकार की कमी न हो। जमीन कब्जाने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई हो।
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु आर्थिक मदद की गुहार लगाने वाले लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा और अस्पताल से एस्टीमेट मिलते ही सरकार आवश्यक धन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बच्चों को दुलारते हुए चॉकलेट और आशीर्वाद भी दिया।











