तमिलनाडु
11 May, 2026

विजय बने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री, सबसे युवा नेताओं की सूची में पहुंचे पांचवें स्थान पर

अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय, तमिलनाडु के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर कम समय में सत्ता हासिल कर राज्य की राजनीति में नया इतिहास रच दिया।

चेन्नई, 11 मई

तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत हुई, जब अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय ने राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही वे तमिलनाडु के सबसे कम उम्र में मुख्यमंत्री बनने वाले नेताओं की सूची में पांचवें स्थान पर शामिल हो गए हैं। उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी उल्लेखनीय मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने अपनी पार्टी ‘तमिलग वेट्री काजगम’ की स्थापना के मात्र दो वर्षों के भीतर सत्ता हासिल कर ली।

तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में अब तक 18 नेता मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं। इनमें सबसे कम उम्र में मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड जे. जयललिता के नाम दर्ज है, जिन्होंने वर्ष 1991 में 43 वर्ष की आयु में यह पद संभाला था। वे राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री भी थीं और लंबे समय तक प्रभावशाली नेतृत्व के रूप में पहचानी जाती रहीं।

दूसरे स्थान पर द्रविड़ राजनीति के प्रमुख नेता एम. करुणानिधि आते हैं, जिन्होंने 44 वर्ष की उम्र में मुख्यमंत्री पद ग्रहण किया था। तीसरे स्थान पर ओ. पन्नीरसेल्वम हैं, जो 50 वर्ष की आयु में मुख्यमंत्री बने थे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज 51 वर्ष की उम्र में इस पद पर पहुंचे थे।

जोसेफ विजय ने भी 51 वर्ष की आयु में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इस सूची में अपना स्थान दर्ज कराया है। हालांकि समान आयु होने के बावजूद कामराज को उनसे पहले स्थान दिया गया है। इसके अलावा सी. एन. अन्नादुरई 57 वर्ष की आयु में मुख्यमंत्री बने थे, जबकि एम. जी. रामचंद्रन ने 60 वर्ष की उम्र में राज्य की कमान संभाली थी।

हाल के वर्षों में एदप्पाड़ी के. पलानीस्वामी 62 वर्ष की आयु में मुख्यमंत्री बने, जबकि वर्तमान मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने 68 वर्ष की उम्र में पद संभाला था।

तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में के. कामराज को उनकी सादगी और प्रशासनिक क्षमता के लिए विशेष पहचान मिली है, वहीं सी. एन. अन्नादुरई ने द्रविड़ राजनीति को नई दिशा देते हुए कांग्रेस को सत्ता से हटाकर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम को सत्ता में पहुंचाया था। उनके बाद एम. करुणानिधि लंबे समय तक राज्य की राजनीति के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल रहे।

जोसेफ विजय के सत्ता में आने को तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए उनके तेज उभार और कम समय में सत्ता तक पहुंचने को एक नई राजनीतिक मिसाल माना जा रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़