कानपुर देहात, 26 मार्च 2026।
अप्रैल महीने की शुरुआत से टोल दरों में बदलाव के साथ ही नकद लेन-देन पूरी तरह बंद हो जाएगा और फास्टैग के माध्यम से ही भुगतान संभव होगा।
कार, जीप और वैन की सिंगल जर्नी टोल पांच रुपये बढ़कर 190 रुपये हो जाएगी जबकि रिटर्न जर्नी 10 रुपये बढ़कर 285 रुपये का होगा। मंथली पास में भी दस रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है, जो अब 360 रुपये में उपलब्ध होगा। बारा टोल प्लाजा के सभी कलेक्शन बूथ यूपीआई पेमेंट से जोड़ दिए गए हैं और नकद लेन-देन पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा।
यदि वाहन पर फास्टैग नहीं है या एक्टिव नहीं है, तो नकद भुगतान संभव नहीं होगा। मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए ही QR को स्कैन कर निर्धारित टोल टैक्स और सवा गुनी पेनाल्टी का भुगतान करना होगा। सालाना पास की फीस भी दो सौ फेरों वाले वाहन के लिए तीन हजार से बढ़कर 3075 रुपये कर दी गई है।
लाइट कमर्शियल वाहन अब एक फेरे के लिए 290 रुपये के बजाय 295 रुपये टोल देंगे और रिटर्न जर्नी के लिए 435 रुपये के बजाय 445 रुपये चुकाने होंगे। बस और ट्रक के लिए सिंगल और रिटर्न जर्नी क्रमशः 605 और 910 रुपये हो जाएगी। ओवर साइज वाहन की सिंगल जर्नी 1180 और रिटर्न जर्नी 1770 रुपये होगी। मंथली पास की दर पहले 38365 रुपये थी, अब 39345 रुपये तय की गई है। टोल प्रबंधक मनोज शर्मा ने बताया कि नई दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी।












