जयपुर, 01 अप्रैल।
नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ राजस्थान में 1 अप्रैल से कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू कर दिए गए हैं, जो आम जनता की जेब और दैनिक जीवन को सीधे प्रभावित करेंगे। कमर्शियल गैस सिलेंडर, हाईवे टोल, शराब और पर्यटन गतिविधियों के खर्च बढ़े हैं, वहीं स्कूल, आंगनबाड़ी और सरकारी अस्पतालों के समय में भी संशोधन किया गया है।
राज्य में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 195 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। जयपुर में यह कीमत 1911 रुपए से बढ़कर 2106 रुपए हो गई है। इस बढ़ोतरी का असर होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और शादी-ब्याह की कैटरिंग पर भी महसूस होगा।
राज्य के 170 से अधिक टोल प्लाजाओं पर टोल दरें बढ़ा दी गई हैं। निजी वाहनों पर प्रभाव सीमित है, लेकिन कमर्शियल और भारी वाहनों के लिए 5 से 30 रुपए तक टोल बढ़ाया गया है। रिंग रोड पर हल्के वाहनों की दरें यथावत रखी गई हैं।
वाहन चालकों के वार्षिक फास्टैग पास की कीमत 3000 रुपए से बढ़ाकर 3075 रुपए कर दी गई है, जिससे एक वर्ष में 200 बार टोल पार करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
नई आबकारी नीति के तहत प्रदेश में शराब की कीमतों में 5 से 20 प्रतिशत तक इजाफा किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं पर असर पड़ेगा और सरकार को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा।
रणथंभौर नेशनल पार्क और सरिस्का टाइगर रिजर्व में बाघ दर्शन के लिए अब अधिक शुल्क देना होगा। वन विभाग ने प्रवेश शुल्क, वाहन शुल्क और कैमरा फीस में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की है, जो अगले दो वर्षों तक लागू रहेगी।
टाइगर रिजर्व में सफारी का समय भी बदला गया है। अब सुबह की पारी 6 बजे से 9:30 बजे और शाम की पारी 3 बजे से 6:30 बजे तक होगी। वहीं आमेर किले में हाथी सवारी का समय सुबह 7 से 10:30 बजे निर्धारित किया गया है।
नए शिक्षण सत्र के साथ स्कूलों का समय ग्रीष्मकालीन कर दिया गया है। एक पारी स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर 1 बजे तक और दो पारी स्कूल सुबह 7 से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे।
आंगनबाड़ी केंद्र अब सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक खुलेंगे, जिससे छोटे बच्चों को गर्मी से राहत मिलेगी।
सरकारी अस्पतालों में भी नई समय सारिणी लागू की गई है। ओपीडी अब सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चलेगी, राजकीय अवकाश के दिन सुबह 9 से 11 बजे तक ओपीडी रहेगी, जबकि इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी।












