रायपुर, 01 अप्रैल
आज से एक अप्रैल से नया वित्तीय वर्ष शुरू होते ही कई बड़े बदलाव पूरे देश में लागू हो गए हैं, जिनका प्रभाव आम नागरिकों की जिंदगी पर पड़ने वाला है। नए टैक्स सिस्टम के चलते टैक्स प्रक्रिया में बदलाव हुआ है और कुछ राहत भी मिली है। टोल प्लाजा पर अब से केवल डिजिटल भुगतान माध्यम जैसे फास्टटैग या यूपीआई के जरिए ही टोल का भुगतान किया जा सकेगा। वहीं, टोल दरों में वृद्धि के कारण हाईवे पर यात्रा महंगी हो गई है।
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ में शराब और पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए गए हैं, लेकिन राज्यवासियों के लिए एक राहत की खबर भी है। प्रदेश में प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री सस्ती हो गई है। दरअसल, स्टाम्प ड्यूटी पर 12 प्रतिशत सरचार्ज खत्म कर दिया गया है, जिससे जमीन की रजिस्ट्री अब पहले से सस्ती हो गई है।
नए वित्तीय वर्ष के साथ, पेट्रोल की कीमत में एक रुपये की वृद्धि की गई है। शराब की बिक्री को लेकर नई आबकारी नीति लागू की गई है, जिसके तहत अब शराब को प्लास्टिक बोतलों में बेचा जाएगा। इसके अलावा, विदेशी अंग्रेजी शराब और बियर की कीमतों में वृद्धि की गई है, जबकि देसी शराब की कीमतें यथावत रहेंगी।
कोमर्शियल गैस की कीमतों में भी वृद्धि की गई है, और अब रायपुर में इसकी कीमत 2300 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, राशन दुकानों से अप्रैल, मई और जून तीन महीने का चावल एक साथ दिया जाएगा, ताकि हितग्राहियों को सुविधा मिल सके।











