कानपुर देहात, 21 फरवरी।
शिवली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक वैन तेरहवीं समारोह से लौटते समय अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। वैन में सवार एक ही परिवार के 4 सदस्य पानी में डूबकर मारे गए। मृतकों में बुजुर्ग दंपति, उनकी बेटी और दो वर्षीय नाती शामिल हैं।
औरैया निवासी राजकिशोर अपने परिवार के साथ कल्याणपुर थाने क्षेत्र में रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने आए थे। लौटते समय उनकी वैन शिवली क्षेत्र के बैरी सवाई के पास तालाब में पलट गई। घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और गोताखोरों ने तालाब से सभी को बाहर निकाला और तुरंत सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने राजकिशोर, उनकी पत्नी स्नेहलता अग्निहोत्री (55), बेटी हिमांशु अग्निहोत्री (30) और दो वर्षीय नाती शिव अग्निहोत्री को मृत घोषित किया। अन्य घायल कृतिका अग्निहोत्री (30), सुधा वाजपेयी (45), वाणी अग्निहोत्री (3), कान्हा (4) और सुधांशु अग्निहोत्री (24) का प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज जारी है।
जनपद की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया कि तालाब में डूबी वैन से फंसे लोगों को तत्काल निकाल कर अस्पताल भेजा गया। चार लोगों की मौत की पुष्टि डॉक्टरों ने कर दी है और अन्य घायलों का इलाज जारी है।












