राजगढ़, 26 मार्च।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा-सिरोंज राजमार्ग पर बुधवार की रात सुठालिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोठबड़ली जोड़ के पास दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसे हुए। तेज रफ्तार वैगनार कार और पिकअप वाहन द्वारा टक्कर मारने से कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, पहले हादसे में तेज रफ्तार वैगनार कार (एमपी 04 वाईएस 4931) ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस घटना में स्कूटी सवार रामबाबू (20) पुत्र अमरसिंह और रामसिंह (22) पुत्र भंवरलाल, दोनों निवासी मोठबड़ली, गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान दूसरी घटना में तेज रफ्तार पिकअप वाहन (एमपी 04 जीए 6223) ने बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर में बाइक सवार पवन (25) पुत्र राधेश्याम वर्मा, सागर (30) पुत्र रोशन मोंगिया और सुनील (26) पुत्र रमेश वर्मा, सभी निवासी सुठालिया, गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही सुठालिया थाना पुलिस दल मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सुठालिया अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति में पवन, सागर और सुनील को राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटनाओं के संबंध में दशरथ पुत्र नारायणसिंह सौंधिया की रिपोर्ट पर वैगनार कार चालक और इंदरसिंह पुत्र कन्हैयालाल मोंगिया की रिपोर्ट पर पिकअप वाहन चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) एवं 184 एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसों के सटीक कारण और वाहनों की रफ्तार की जांच में जुटी है।




.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


