भोपाल, 26 मार्च।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज गुरुवार को मध्य प्रदेश के रायसेन जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे आगामी 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कृषि महोत्सव प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी अनुभा सिंह ने बताया कि भारत सरकार और राज्य शासन के समन्वय में रायसेन में यह कृषि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री चौहान आज कार्यक्रम स्थल का भ्रमण करेंगे और तैयारियों की जानकारी लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री चौहान प्रातः 11 बजे भोपाल से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे रायसेन पहुंचेंगे और राम मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12.15 बजे दशहरा मैदान पहुंचकर कृषि मेला की तैयारियों का निरीक्षण और भूमिपूजन करेंगे। दोपहर 12.45 बजे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और 01.15 बजे मीडिया के सामने कृषि मेले से संबंधित जानकारी साझा करेंगे। दोपहर 01.45 बजे वे रायसेन से विदिशा के लिए रवाना होंगे।












