रायसेन, 02 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय के दशहरा मैदान में 11 से 13 अप्रैल तक राष्ट्रीय स्तर के कृषि महोत्सव सह प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
गुरुवार को केन्द्रीय कृषि विभाग के निदेशक (किसान कल्याण एवं विस्तार) अविनाश लावनिया ने रायसेन पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागवार तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान निदेशक लावनिया ने कृषि महोत्सव के सभी चरणों की तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ प्रदेश के सभी जिलों से प्रगतिशील किसान भाग लेंगे। इसके साथ ही कृषि उपकरण एवं यंत्र बनाने वाली कंपनियों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर लगभग 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आधुनिक कृषि उपकरणों, जैविक खेती और उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें नई तकनीकों की जानकारी मिल सके।
अविनाश लावनिया ने आयोजन में आने वाले अतिथियों और किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ठहरने, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय सहित सभी संबंधित नोडल अधिकारी मौजूद रहे।











