कोलकाता, 28 मार्च।
पश्चिम बंगाल दौरे पर आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का विमान शुक्रवार देर रात खराब मौसम के कारण कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरने से पहले करीब एक घंटे तक आसमान में चक्कर लगाने पर मजबूर हुआ। तेज आंधी, बारिश और वज्रपात ने लैंडिंग में बाधा डाली।
बताया गया कि शाह का विमान रात 11:40 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाला था, लेकिन मौसम अचानक बिगड़ जाने के कारण पायलटों को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। विमान लगभग 12:25 बजे हवाई क्षेत्र में पहुंचा, लेकिन प्रतिकूल मौसम के चलते 55 मिनट तक अलग-अलग दिशाओं में उड़ाया गया। इसे कृष्णनगर की दिशा में भी ले जाया गया ताकि मौसम सामान्य होने का इंतजार किया जा सके। अंततः रात 1:20 बजे विमान सुरक्षित रूप से उतारा गया।
चुनाव आचार संहिता के कारण अमित शाह इस बार अपने सामान्य आधिकारिक विमान के बजाय एक छोटे निजी विमान से कोलकाता पहुंचे। छोटे विमान में लैंडिंग के समय अतिरिक्त सावधानी बरती गई और पायलटों ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया।
शाह की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हवाई अड्डे पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी देर रात तक हवाई अड्डे पर मौजूद रहे। इनमें शुभेंदु अधिकारी, शमिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और अमित मालवीय शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी इसी तरह के मौसम का सामना करना पड़ा था, जब उनका विमान करीब डेढ़ घंटे तक हवा में रहा और बाद में सुरक्षित उतरा। मुख्यमंत्री ने बाद में पायलटों की सतर्कता और पेशेवर दक्षता की सराहना की।
तेज आंधी और बारिश के कारण कोलकाता और आसपास के कई इलाके प्रभावित हुए। कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं।












