कोलकाता, 09 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी एक बार फिर भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं। अपने नामांकन पत्र में उन्होंने यह दावा किया कि 15 साल से मुख्यमंत्री होने के बावजूद उनकी जीवनशैली बेहद साधारण और सादगीपूर्ण है।
बुधवार को ममता बनर्जी ने कालीघाट स्थित आवास से रैली निकालकर अलीपुर के सर्वे भवन तक पदयात्रा की और वहीं अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। शपथपत्र में उन्होंने अपनी आय, संपत्ति, बैंक जमा, गहने और शैक्षणिक योग्यता सहित सभी विवरण प्रस्तुत किए।
दस्तावेजों के अनुसार, ममता बनर्जी की कुल स्थावर संपत्ति 15,37,509 रुपये 71 पैसे है, जबकि उनके पास कोई चल संपत्ति या वाहन नहीं है। उनके नाम पर कोई कृषि या गैर-कृषि भूमि और आवासीय घर भी दर्ज नहीं है। उन्होंने किसी प्रकार का ऋण भी नहीं लिया।
वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय 23,21,570 रुपये रही। इसके पहले, 2023-24 में 20,72,740 रुपये, 2021-22 में 38,14,410 रुपये और 2020-21 में 15,47,845 रुपये आय दर्ज की गई थी।
नामांकन के समय उनके पास 75,700 रुपये नकद थे। इंडियन बैंक में उनके एक व्यक्तिगत खाते में 12,36,209 रुपये 71 पैसे जमा हैं। वहीं चुनावी खर्च के लिए उसी बैंक में 40,000 रुपये अलग रखे गए हैं। कुल जमा राशि 12,76,209 रुपये 71 पैसे है।
वित्त वर्ष 2025-26 में उन्हें 40,600 रुपये टीडीएस रिफंड के रूप में प्राप्त हुए। गहनों के रूप में उनके पास 9 ग्राम 750 मिलीग्राम सोना है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,45,000 रुपये बताई गई है।
शैक्षणिक योग्यता के अनुसार, ममता ने 1977 में कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की, परीक्षा 1979 में हुई। इसके बाद 1982 में जोगेशचंद्र चौधुरी लॉ कॉलेज से विधि स्नातक की डिग्री हासिल की।
दस्तावेजों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और न ही उन्हें किसी अपराध में दोषी ठहराया गया है।


.jpg)


.jpg)
.jpg)






