आजमगढ़, 11 अप्रैल 2026।
कप्तानगंज क्षेत्र के बड़सरा खालसा गांव में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा एमएलसी विजय बहादुर पाठक के आवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत पिता स्व. राधेश्याम पाठक को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया।
उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि समाजवादी पार्टी सहित अन्य विपक्षी दल नियम और कानून के अनुसार नहीं चल रहे हैं तथा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे पर सपा द्वारा उठाई गई आपत्तियों को निराधार बताया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में केवल उन्हीं नामों को हटाया गया है जो मृतक हैं, स्थानांतरित हो चुके हैं या फिर कुछ अवैध प्रविष्टियों से जुड़े थे। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी योग्य मतदाता का नाम छूट गया है तो उसके लिए फॉर्म-छह की सुविधा उपलब्ध है, जबकि संशोधन और विलोपन के लिए फॉर्म-सात और फॉर्म-आठ की प्रक्रिया भी लागू है।
उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद समाजवादी पार्टी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है और अपने समर्थकों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मजबूत संगठनात्मक ढांचे वाली पार्टी है, जो बूथ स्तर तक सक्रिय रहती है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में भाजपा समर्थकों के नाम सूची से हटे हैं, वहां पार्टी कार्यकर्ता उन्हें पुनः जोड़ने का कार्य करेंगे।
धुरंधर पोस्टर विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे अपराधियों को किसने संरक्षण दिया, यह सभी जानते हैं।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जबकि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिला आरक्षण लागू कर महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया गया है और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं से उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भाजपा का कमल खिलने की पूरी संभावना है। वहीं ओम प्रकाश राजभर द्वारा निषाद पार्टी की सीट मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने इसे गठबंधन का विषय बताते हुए कहा कि अंतिम निर्णय चुनाव के समय लिया जाएगा।










.jpg)