पेरिस, 21 अप्रैल।
मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्कराज़ ने संकेत दिए हैं कि कलाई की गंभीर चोट के कारण वह इस वर्ष फ्रेंच ओपन (रोलां गैरों) में भाग नहीं ले सकते हैं, क्योंकि वह जल्दबाजी में वापसी करने के बजाय पूरी तरह फिट होकर कोर्ट पर लौटने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
22 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी को पिछले सप्ताह बार्सिलोना क्ले कोर्ट टूर्नामेंट से हटना पड़ा था, जब मैच के दौरान रिटर्न खेलते समय उनकी कलाई में चोट लग गई थी। बाद की जांच में यह समस्या अपेक्षा से अधिक गंभीर पाई गई।
इसके बाद उन्होंने मैड्रिड ओपन से भी अपना नाम वापस ले लिया, जिससे 18 मई से शुरू होने वाले रोलां गैरों में उनकी भागीदारी पर अनिश्चितता और बढ़ गई है।
एक समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि वह देर से सही लेकिन पूरी तरह फिट होकर वापसी करना पसंद करेंगे, बजाय इसके कि जल्दबाजी में खेलकर खुद को जोखिम में डालें।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका करियर अभी लंबा है और यदि वह इस टूर्नामेंट में जल्दबाजी करेंगे तो इसका असर आगे के बड़े टूर्नामेंटों पर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि मोंटे कार्लो मास्टर्स के फाइनल में यानिक सिनर से हार के बाद उन्होंने विश्व नंबर-1 की रैंकिंग गंवा दी थी, हालांकि इससे पहले उन्होंने क्ले कोर्ट पर लगातार 17 मैचों की जीत दर्ज की थी और पिछले सीजन में रोम तथा रोलां गैरों का खिताब भी अपने नाम किया था।










