कोरबा, 20 अप्रैल।
जिले में रविवार रात मौसम ने अचानक करवट ली, जिसके चलते तेज हवा और बारिश के बीच कुसमुंडा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रेम नगर कपाटमुड़ा मार्ग में संतोष वर्मा द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल पर बनी दीवार तेज आंधी के दबाव में अचानक गिर गई। यह दीवार पड़ोसी अजय धनवार के घर पर आ गिरी, जिससे छत क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर सो रहे अजय धनवार, उनकी पत्नी तथा बच्चा मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल कोरबा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में घर के अंदर रखा स्कूटी वाहन, बर्तन, बिस्तर सहित अन्य घरेलू सामान भी टूट-फूट गया।
बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य से जुड़े संतोष वर्मा भी अस्पताल में मौजूद हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।










