वाराणसी, 20 अप्रैल।
आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला स्थित सक्काघाट पर रविवार शाम महिलाओं के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 18 वर्षीय नीरज केवट की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सक्काघाट पर महिलाएं गंगा किनारे पूजा सामग्री और फूल-माला की बिक्री करती हैं, जहां ग्राहकों और व्यापार को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है। रविवार को भी इसी बात को लेकर महिलाओं के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने नीरज की बहन को पीट दिया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
इसी तनाव के बीच नीरज केवट और दूसरे पक्ष के लोगों में झड़प हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने पीछे से ईंट मारकर नीरज को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह मौके पर ही गिर पड़ा और हमलावर फरार हो गए।
परिजन घायल नीरज को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे कबीरचौरा अस्पताल में ही इलाज दिलाने पर अड़े रहे। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा भी हुआ।
परिजनों ने आरोप लगाया कि रविंद्र केवट और उसके साथियों ने साजिश के तहत नीरज पर हमला किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो महिलाओं को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।






.jpg)



