बलरामपुर, 20 अप्रैल।
जिले में गर्मी ने अब तीव्र रूप धारण कर लिया है और मौसम का असर आम जनजीवन पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। अनुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है।
अप्रैल माह में ही मौसम के इस असामान्य बदलाव ने दैनिक दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप और लू जैसे हालात बने हुए हैं, जिसके कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आता है। पंखे और कूलर जैसी सामान्य सुविधाएं भी इस भीषण गर्मी में प्रभावहीन साबित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समय की स्थिति को देखते हुए आने वाले महीनों में गर्मी और अधिक कष्टकारी हो सकती है। कई लोग अपने जरूरी कार्य सुबह या शाम के समय ही निपटा रहे हैं और दिन के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं।
गर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने 20 अप्रैल से स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है, ताकि बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाया जा सके।
मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को धूप से बचाव, पर्याप्त जल सेवन और हल्के भोजन के सेवन की सलाह दी है।






.jpg)



