रायगढ़, 01 अप्रैल।
रायगढ़ के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने सट्टा-जुआ के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया और तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। बीडपारा निवासी रजिया बेगम (55 वर्ष) को उसके घर के परछी में सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। 31 मार्च की देर रात टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां अन्य लोग भाग निकले।
तलाशी के दौरान रजिया बेगम के कब्जे से 3100 रुपये नकद, सात पन्नों की हाथ से लिखी सट्टा पर्चियां, एक कॉपी और काला डॉट पेन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि वह कमीशन के आधार पर सट्टा लिखती थी और प्रतिदिन का हिसाब ऐजाज खान को देती थी, जबकि पूरे अवैध कारोबार का संचालन सानू उर्फ शहनवाज खान के निर्देश पर होता था। पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
इसी क्रम में मुकेश सोना (35 वर्ष) के खिलाफ भी सट्टा-जुआ संचालन के मामले में कार्रवाई की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।
तीसरे मामले में डी.के. हलिमा खातून (60 वर्ष) के खिलाफ भी सट्टा-पट्टी लिखकर जुआ खिलाने के आरोप में कार्रवाई हुई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले की गंभीरता से विवेचना शुरू कर दी है। इस तरह रायगढ़ कोतवाली क्षेत्र में सट्टा-जुआ के खिलाफ एक सघन अभियान चला और तीन आरोपितों को पकड़ने में सफलता मिली।











