नई दिल्ली, 19 अप्रैल।
अपराध और अवैध गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण के लिए शाहदरा जिला पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष कॉम्बिंग अभियान “वज्रपात 1.0” के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसमें अवैध शराब, हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई 17 और 18 अप्रैल की मध्य रात्रि में विवेक विहार और सीमापुरी सब-डिवीजन क्षेत्रों में की गई। इस दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त करते हुए 1000 से अधिक शराब की बोतलें और क्वार्टर बरामद किए तथा कई आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त के अनुसार इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य शराब तस्करों, हथियार रखने वालों, जुआरियों, नशा कारोबारियों और अन्य आपराधिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करना था। इस अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई और इसमें स्थानीय पुलिस के साथ स्पेशल स्टाफ, एंटी नारकोटिक्स सेल, एएटीएस और तकनीकी निगरानी इकाइयों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
कार्रवाई के दौरान आनंद विहार थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया गया, जिसमें अजय उर्फ लल्लू को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र का घोषित अपराधी है।
इसी क्रम में अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में तीन अलग-अलग मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। आनंद विहार क्षेत्र से अजीत के पास से शराब के दस देसी क्वार्टर बरामद किए गए, जबकि विकास कुमार के पास से आठ बोतलें मिलीं। सीमापुरी क्षेत्र में विजय नामक आरोपी से 750 देसी क्वार्टर और 250 अंग्रेजी शराब की बोतलें जब्त की गईं।
इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार व्यक्तियों पर निवारक कार्रवाई की गई, जिनमें दीपक, मिराजुद्दीन, विकास उर्फ विक्की और राकेश कुमार शामिल हैं। वहीं अन्य मामलों में भी कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार इस अभियान से अपराध नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा है और अवैध गतिविधियों की आपूर्ति श्रृंखला पर प्रभावी रोक लगी है। साथ ही पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा भावना और मजबूत हुई है।










.jpg)