चेन्नई, 21 मई।
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए 23 नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। इस विस्तार के साथ राज्य मंत्रिमंडल में कुल सदस्यों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सभी नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नए मंत्रियों में टीवीके पार्टी के 21 विधायक तथा सहयोगी दल कांग्रेस के 2 सदस्य शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान तूतीकोरिन विधायक और मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले श्रीनाथ को सबसे पहले शपथ दिलाई गई, जिसके बाद कमली, विजयलक्ष्मी, विनोद, राजीव, रंजीतकुमार, विजय बालाजी सहित अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।
मंत्रिमंडल में शामिल नए सदस्यों में श्रीनाथ, विजयलक्ष्मी, रंजीतकुमार, विजय तमिझन पार्थिबन, कुमार, विनोद, राजीव, राजकुमार, रमेश, थेन्नारसु, कमली, कांतिराज, मदन राजा, जगदीस्वरी, राजेश कुमार, विजय बालाजी, लोकेश तमिझसेल्वन, विश्वनाथन, संपत कुमार, शरतकुमार, मारिया विल्सन, विग्नेश और मोहम्मद परवेज शामिल हैं।
इस विस्तार के साथ राज्य में अनुसूचित जाति वर्ग और महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिसमें सात महिला मंत्री शामिल हैं जिनमें कीर्तना, कमली, जगदीस्वरी और विजयलक्ष्मी प्रमुख हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) ने 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सरकार बनाई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने कांग्रेस, वाम दलों, वीसीके और आईयूएमएल जैसे सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार का गठन किया था और 10 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जिसके साथ 9 मंत्रियों ने भी पदभार संभाला था।
फिलहाल आईयूएमएल और वीसीके के विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है, हालांकि उनके पास दो-दो विधायक हैं और माना जा रहा है कि आगामी विस्तार में उन्हें शामिल किया जा सकता है।






.jpg)







